रक्षा मंत्री ने मत्था टेककर लिया गुरु साहिब का आशीर्वाद, बोले—गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती हैं; सिख इतिहास त्याग, शौर्य और बलिदान की अनुपम विरासत

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को लखनऊ के ऐतिहासिक याहियागंज गुरुद्वारे में श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। इस पावन अवसर पर रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने गुरु नानक देव जी के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और संगत के बीच बैठकर श्रद्धापूर्वक गुरुवाणी एवं कीर्तन का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने सिख समाज सहित समस्त देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए देश में शांति, सद्भाव और एकता की कामना की।

रक्षा मंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा एवं राम चंद्र प्रधान, विशेष कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी तथा जनसंपर्क अधिकारी राघवेंद्र शुक्ला भी उपस्थित रहे। सभी ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी को नमन किया। गुरुवाणी के मधुर स्वर और अरदास के बीच पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
संगत को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने अपने उद्बोधन की शुरुआत ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के उद्घोष से की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। इस पावन अवसर पर गुरु घर के आंगन में उपस्थित होकर मन श्रद्धा और शांति से भर जाता है। उन्होंने कहा कि वे यहां किसी जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक श्रद्धालु और सेवक के रूप में उपस्थित हुए हैं। वाहेगुरु जी के चरणों में उनकी अरदास है कि समस्त संगत खुशहाल रहे और देश अमन, चैन तथा एकता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
रक्षा मंत्री ने सिख इतिहास की गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सिख समाज की पहचान केवल सेवा, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि वीरता, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान की प्रेरणादायी गाथाएं भी उसकी ऐतिहासिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। गुरु परंपरा ने सदैव मानवता की सेवा करने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा धर्म और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय बलिदान, चार साहिबजादों की शहादत और गुरु गोबिंद सिंह जी के अदम्य साहस का स्मरण करते हुए कहा कि ये प्रसंग सिख इतिहास की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संदेश आने वाली पीढ़ियों को त्याग, आत्मसम्मान, साहस और धर्म की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि गुरुपर्व महज धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, शौर्य और बलिदान की महान परंपरा को स्मरण करने का अवसर भी है। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और जीवन-दर्शन के माध्यम से मानवता को जो मार्ग दिखाया, उसकी प्रासंगिकता आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उनके संदेशों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें अपने आचरण और जीवन में उतारना ही प्रकाश पर्व की वास्तविक सार्थकता है।
अपने संबोधन के समापन पर रक्षा मंत्री ने एक बार फिर ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ का उद्घोष किया और समस्त संगत के सुख, समृद्धि तथा देश की खुशहाली की मंगलकामना की।