नोम पेन्ह में 24 से 30 नवंबर तक होगा छठा एशियन वोवीनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप–2026; डॉ. नीरज सिंह ने भारतीय टीम की किट लॉन्च कर खिलाड़ियों को किया रवाना होने के लिए प्रोत्साहित, लखनऊ के नितेश कुमार और सैयद अयूब भी दिखाएंगे दम

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित होने जा रही छठी एशियन वोवीनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप–2026 में भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। 24 से 30 नवंबर तक होने वाली इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में भारत की 12 सदस्यीय टीम हिस्सा लेगी। भारतीय दल की कमान वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दल प्रमुख प्रवीण गर्ग संभालेंगे। प्रतियोगिता से पहले लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने भारतीय टीम की आधिकारिक किट लॉन्च की और लखनऊ से चयनित खिलाड़ियों को किट वितरित कर अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

गोमती नगर स्थित अपने आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय दल के प्रमुख प्रवीण गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ पुष्कर शुक्ला, विनम्र गर्ग तथा लखनऊ से भारतीय टीम में जगह बनाने वाले नितेश कुमार और सैयद अयूब सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डॉ. नीरज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी फाइट और परफॉर्मेंस इवेंट की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। भारतीय दल में उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों को स्थान मिला है। लखनऊ के नितेश कुमार परफॉर्मेंस इवेंट की थाप तु क्वेन (Thập Tự Quyền) स्पर्धा में हिस्सा लेंगे, जबकि सैयद अयूब 50 किलोग्राम भार वर्ग की फाइट स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
भारतीय टीम में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी। बबीता अधिकारी अंडर-18 बालिका वर्ग के 46 किलोग्राम और तेजस्वानी 41 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करेंगी। वहीं अजय शर्मा सीनियर पुरुष वर्ग के 88 किलोग्राम, हर्षित कुमार 70 किलोग्राम तथा सागर सिंह अधिकारी 50 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। हरियाणा की प्रीतिका सीनियर महिला वर्ग के 70 किलोग्राम और ओम तेवतिया सीनियर पुरुष वर्ग के 77 किलोग्राम से कम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
महाराष्ट्र के श्रीनिवास महादेव वानखली सीनियर वर्ग के फोर एलिमेंट स्टाफ इवेंट (Tứ Tượng Côn Pháp) में भारत की ओर से प्रतिभाग करेंगे। वहीं मणिपुर की मालेम नगांबी देवी सलाम जूनियर बालिका वर्ग के 45 किलोग्राम भार वर्ग की फाइट स्पर्धा के साथ लॉन्ग हो क्वेन (Long Ho Quyen) फॉर्म्स स्पर्धा में भी अपना कौशल प्रदर्शित करेंगी। इस प्रकार भारतीय दल में फाइट और तकनीकी प्रदर्शन, दोनों विधाओं के खिलाड़ियों को प्रतिनिधित्व मिला है।
भारतीय दल के संचालन और प्रतियोगिता संबंधी दायित्वों के लिए भी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। प्रवीण गर्ग हेड डेलीगेट एवं दल प्रमुख की भूमिका निभाएंगे, जबकि देवेन मोइरांगथेम रेफरी और शंकर माधवराव महाबले कोच के रूप में टीम के साथ रहेंगे। वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी एशियाई स्तर की इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारतीय टीम 24 नवंबर की मध्यरात्रि को दिल्ली हवाई अड्डे से कंबोडिया के लिए रवाना होगी। अब भारतीय खिलाड़ियों की निगाहें नोम पेन्ह में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां उन्हें अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और तकनीकी दक्षता के बल पर देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।