स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर दी बधाई, शिवरी सेंटर के नवाचारी प्रयासों की सराहना और वर्ष 2027 की पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियां शीघ्र प्रारंभ कराने का किया आग्रह
दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ।स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ नगर निगम को देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त होने और इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किए जाने पर राष्ट्रीय सनातन महासंघ के अध्यक्ष एवं महानगर विस्तार जनकल्याण समिति के सचिव जितेन्द्र प्रताप सिंह ने महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल का अभिनंदन किया। श्री सिंह ने महापौर के कैंप कार्यालय पहुंचकर उन्हें स्नेहिल सम्मान एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं तथा इस राष्ट्रीय उपलब्धि को समूचे लखनऊ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर लखनऊ का तृतीय स्थान प्राप्त करना नगरवासियों की जागरूकता एवं सहभागिता, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और सफाई मित्रों के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। राष्ट्रपति के करकमलों से प्राप्त यह सम्मान केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि समस्त लखनऊवासियों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी दृष्टिकोण एवं सतत मार्गदर्शन में लखनऊ नगर निगम निरंतर उपलब्धियों के नए सोपान स्थापित कर रहा है। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए नगर निगम का प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और सफाई मित्र बधाई एवं अभिनंदन का पात्र है।
शहर की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नगर निगम की भावी योजनाओं की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने शिवरी सेंटर में प्रस्तावित नवाचारी प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों के अनुसार, समीपवर्ती जनपदों के अवशिष्ट एवं कचरे का शिवरी स्थित सेंटर में समुचित निस्तारण करते हुए उससे विद्युत उत्पादन तथा प्लास्टिक अपशिष्ट से ईंट निर्माण की दिशा में नगर निगम एक अभिनव पहल करने जा रहा है। यह प्रयास अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कहा कि कचरे को उपयोगी संसाधन में परिवर्तित करने की यह अवधारणा स्वच्छता अभियान को नई दिशा देने के साथ-साथ पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में भी प्रभावी भूमिका निभा सकती है। इस दूरदर्शी पहल के लिए उन्होंने महापौर को विशेष बधाई दी।
शिष्टाचार भेंट के दौरान श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह ने लखनऊ की सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय पहचान से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण विषय की ओर भी महापौर का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने वर्ष 2027 की पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियां एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही समय रहते प्रारंभ कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पद्मश्री एस.सी. राय पार्क (ई-पार्क), महानगर विस्तार में विगत दो दशकों से अधिक समय से आयोजित हो रही पुष्प प्रदर्शनी लखनऊ की विशिष्ट पहचान और आकर्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। यह आयोजन केवल पुष्पों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि नगर की सौंदर्यपरक चेतना, पर्यावरणीय जागरूकता और नागरिक सहभागिता का अनुपम उत्सव है।
उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित आयोजन की निरंतरता बनाए रखने तथा इसे और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के प्रयास सराहनीय हैं। लखनऊ की इस विशिष्ट परंपरा एवं पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए आगामी पुष्प प्रदर्शनी की तैयारियां समयबद्ध ढंग से प्रारंभ किया जाना आवश्यक है।
अंत में जितेन्द्र प्रताप सिंह ने महापौर के नेतृत्व में लखनऊ नगर निगम द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार एवं नगरीय सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि लखनऊ अपनी गौरवशाली पहचान को और अधिक सुदृढ़ करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां अर्जित करता रहेगा।