15वीं राष्ट्रीय वोवीनाम मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में 27 राज्यों के करीब 700 खिलाड़ी होंगे आमने-सामने; लखनऊ के 21 खिलाड़ी प्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व, चयनित खिलाड़ी नवंबर में कंबोडिया में होने वाली एशियन चैंपियनशिप में भी उतरेंगे

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।जम्मू के भगवती नगर इंडोर स्टेडियम में 3 से 6 सितंबर तक होने वाली 15वीं राष्ट्रीय वोवीनाम मार्शल आर्ट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की 38 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। प्रदेश महासचिव प्रवीण गर्ग ने राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। प्रदेश की टीम में लखनऊ की उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी, जहां से 21 खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों के क्रम में खिलाड़ियों को आईबीएसए स्पोर्ट्स अकादमी में खेल किट भी वितरित की गई।
लखनऊ से बालक वर्ग में सनी, लकी सिंह गौतम, निखिल रावत, अली खान, दिव्यांशु कश्यप, प्रिंस मौर्य, तुषार कुमार, शौर्य गौतम, ज़ईम सुहैल, हन्नान जिलानी, आर्यन यादव, अभिषेक पाल और अल्तमश खान टीम में शामिल हैं। बालिका वर्ग में दीपांशी जायसवाल, अनुष्का मौर्य, रुमाना सुहैल, तानिया सुहैल, आनंदिता पांडे, रश्मि गौतम, खुशी चौरसिया और ज्योति प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। टीम के साथ वैभव कुमार और मानसी जायसवाल टीम मैनेजर तथा नितेश यादव टीम कोच की भूमिका में रहेंगे।
चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से करीब 700 खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की संभावना है। किड्स, सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 6 से 35 वर्ष तक के खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। खिलाड़ियों के सामने केवल फाइट मुकाबलों की चुनौती नहीं होगी, बल्कि प्रदर्शनकारी विधाओं में भी उन्हें अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल का परिचय देना होगा।
प्रतियोगिता का महत्व केवल राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों तक सीमित नहीं है। सीनियर और जूनियर वर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर चयनित होने वाले खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच का रास्ता भी खुलेगा। चयनित खिलाड़ी 24 से 30 नवंबर तक कंबोडिया की राजधानी नामपेन्ह में आयोजित छठी एशियन वोवीनाम चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे में जम्मू में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए पदक की प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अगले अंतरराष्ट्रीय पड़ाव तक पहुंचने का निर्णायक अवसर भी होगी।