सेंट जोसेफ स्कूल में भावपूर्ण नाट्य मंचन के जरिए संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा का चित्रण; आनंद द्विवेदी ने सेवा को राष्ट्र निर्माण का संकल्प बनाने का किया आह्वान

दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, जनसेवा के संकल्प और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को शुक्रवार को लखनऊ के सेंट जोसेफ स्कूल में भावपूर्ण नाट्य मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘नमो सेवा–अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम में उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों ने सेवा, समर्पण और अंत्योदय के विचारों को केंद्र में रखा। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मुख्य अतिथि तथा विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नाट्य प्रस्तुति में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को रेखांकित करते हुए जनकल्याण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की भावना उभारी गई। मंचन ने सेवा को महज दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के रूप में प्रस्तुत किया।
आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। उनका जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और जनकल्याण को प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा–अनकही कहानियाँ’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रेरक प्रसंगों को जनमानस तक पहुँचाने और कार्यकर्ताओं में सेवा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री सत्येंद्र सिंह, उपाध्यक्ष योगेंद्र पटेल, मंत्री चंद्र प्रकाश अवस्थी एवं रजनीश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विमल चौधरी और दयाशंकर पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।