
दैनिक इंडिया न्यूज़, मऊ।नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद मऊ में विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोपागंज के देकवारा स्थित मेसर्स नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित 60 लीटर दूध और 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम को नियमानुसार मौके पर नष्ट करा दिया गया। नष्ट कराए गए दूध की अनुमानित कीमत 2,400 रुपये और मिल्क क्रीम की कीमत 27,000 रुपये बताई गई है।

छापेमारी के दौरान मिलावट की आशंका के आधार पर स्किम्ड मिक्स मिल्क, सोडियम कार्बोनेट, खोया, स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी और मिल्क क्रीम सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई है। दूध एवं दुग्ध उत्पादों के निर्माण परिसर में अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां पाए जाने के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। हालांकि, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में अंतिम निष्कर्ष निकलेगा।
अभियान के दौरान मेसर्स अतुल एजेंसी, प्रोपराइटर अतुल कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त मेसर्स हनुमान ट्रेडर्स, ब्रह्मस्थान, मेसर्स उर्मिला स्पाइसेज तथा सदर चौक स्थित मेसर्स सत्यप्रकाश देवेन्द्र कुमार बर्नवाल के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री न करें और दूध, घी, दुग्ध उत्पादों सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण के मानकों का कड़ाई से पालन करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान जारी रहेगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, अजीत कुमार त्रिपाठी, रीता, स्वामीनाथ, विजय प्रकाश एवं ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।